उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा उत्तराखंड पहुंच चुकी हैं। कल 7 अगस्त को देहरादून में कांग्रेस की एक विशाल रैली निकाली जाएगी। जिसमें प्रदेशभर से कांग्रेसी नेता कार्यकर्ता देहरादून परेड मैदान में उतरेंगे, जिसके बाद यह विशाल रैली सीएम आवास कूच को निकलेगी। हालांकि इससे पहले आज कुमारी शैलजा कांग्रेस वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवंगत हीरा सिंह बिष्ट के आवास पहुंचीं। जहां देर शाम पहुंचने के बाद कुमारी शैलजा ने पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवंगत हीरा सिंह बिष्ट के आवास पहुंचकर गहरा शोक जताया। साथ ही दिवंगत हीरा सिंह बिष्ट के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत कांग्रेस वरिष्ठ नेता हीरा सिंह बिष्ट के जीवन के पलों और पार्टी के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए कहा कि वे बहुत ही वरिष्ठ और अनुभवी थे। हमेशा पार्टी को आगे बढ़ाने पर जोर देते थे और अक्सर इसी के चलते डांट भी लगाया करते थे कि पार्टी को और मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत करो। साथ ही प्रभारी ने कहा कि उनके दिवंगत होने से पार्टी को भारी क्षति तो हुई है लेकिन नियति को कौन टाल सकता है, भगवान उनकी आत्मा को श्री चरणों में स्थान दे।
