बिहार में विधानसभा चुनाव के अब 100 दिन से भी कम बचे हैं. विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में बैठकों का दौर लगातार जारी है. आज दिल्ली में बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर बड़ी बैठक चल रही है. जिसमें पार्टी की तैयारी, योजनाओं एवं सीटों को लेकर समीक्षा की खबर है.
बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने ईटीवी भारत से फोन पर बातचीत में बताया कि इंदिरा भवन में आज की बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी के द्वारा की जा रही तैयारी की समीक्षा होगी. राजेश राम ने बताया कि कांग्रेस के द्वारा उठाए जा रहे मेनिफेस्टो के मुद्दों को लेकर आज पार्टी के आलाकमान के साथ बैठक होगी.
कांग्रेस के नेताओं के साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी बैठक कर रहे हैं. इसमें प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावारु, विधानसभा में विधायक दल के नेता शकील अहमद खान, विधान परिषद में विधायक दल के नेता मदन मोहन झा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह, किशनगंज के सांसद डॉ मोहम्मद जावेद, कटिहार के सांसद तारिक अनवर और सासाराम के सांसद मनोज कुमार शामिल हो रहे हैं.
महागठबंधन के घटक दलों के बीच अब तक सीटों के बंटवारे को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई है. हालांकि तेजस्वी यादव ने यह जरूर कहा है कि बातचीत शुरू हो गई है. बताया जाता है कि कांग्रेस 2020 विधानसभा चुनाव की तर्ज पर 70 सीटों पर दावा कर कर रही है. कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह बिहार कांग्रेस के साथ प्रभारी सुशील पासी सहित कई नेताओं ने 2020 के तर्ज पर सीटों के बंटवारे की मांग रखी है.
