उत्तराखंड में SIR प्रक्रिया का पहला चरण पूरा हो चुका है, जिसके बाद आज निर्वाचन आयोग के द्वारा प्रेस वार्ता कर प्रथम ड्राफ्ट सूची की जानकारी दी गई। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि प्रथम ड्राफ्ट सूची में प्रदेशभर के करीब 89 लाख मतदाताओं में से 71,33,785 नाम शामिल हैं। साथ ही प्रदेशभर में मतदान केंद्रों का भी पुनर्निर्धारण किया गया जिसमें पूर्व में 11,736 बूथ पहले थे , जो अब बढ़कर 12,543 हो गए हैं।
करीब 19 लाख मतदाताओं को जारी होंगे नोटिस, फॉर्म में मिली विसंगति
साथ ही उन्होंने बताया कि जारी सूची में करीब 19 लाख ऐसे मतदाता हैं जिनके फॉर्म में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां हैं, ऐसे में इनको e r o, a e r o के द्वारा नोटिस जारी किए जाएंगे। जिसकी सुनवाई के लिए न्याय पंचायत स्तर पर क्लस्टर में कैंप लगाए जाएंगे। वहीं मैदानी क्षेत्रों में सुविधा के लिए तहसील, नगर निगम, नगर पंचायत व वार्डो पर कैंप लगाए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6 जबकि नाम हटवाने व उसमें सुधार के लिए फॉर्म 7, 8 को भरा जा सकता है।
8 लाख लोगों के नाम ड्राफ्ट में शामिल नहीं
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी बताया कि करीब 8 लाख लोग ऐसे हैं,जिनके मतदाता सूची में नाम नहीं हैं जिनके पीछे का कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि करीब 1 लाख 26 हजार मृत पाए गए हैं, जबकि चार लाख से अधिक ने अपना पता बदला जिसके चलते वे पुराने निवास पर दस्तावेज नहीं उपलब्ध करवा सके, जबकि शेष मतदाता ऐसे रहे जो अपने निवास स्थान पर नहीं मिल सके। उन्होंने बताया कि मतदाता ड्राफ्ट सूची में 52% पुरुष जबकि 47% महिला मतदाता शामिल हैं। अब मतदाताओं के पास दावे आपत्तियों के लिए 11 सितंबर तक का समय है, इसके बाद 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन के साथ ही यह Sir की प्रक्रिया पूरी हो जायेगी
हरिद्वार में सबसे अधिक लोग मतदाता सूची में शामिल, रुद्रप्रयाग सबसे पीछे
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ड्राफ्ट सूची के आधार पर मतदाताओं के जिलों के नाम भी जारी किए हैं उन्होंने बताया कि हरिद्वार में सबसे अधिक 12 लाख मतदाता जिसके बाद देहरादून 11 लाख 90 हजार मतदाता जबकि उधम सिंह नगर में 11 लाख 55 हजार मतदाता ड्राफ्ट सूची में शामिल हैं। इसके साथ रुद्रप्रयाग में सबसे कम 1 लाख 80 हजार जबकि चंपावत में 1 लाख 88 हजार और 2 लाख मतदाता बागेश्वर जिले में जारी ड्राफ्ट सूची में शामिल हैं। विजय कुमार जोगदंडे ने यह भी बताया है कि इस ड्राफ्ट की सूची सभी राजनीतिक दलों को भी जारी कर दी गई है।
