उत्तराखंड में शहीदों की याद में बन रहे भव्य सैन्य धाम पर कांग्रेस ने एक बार फिर सरकार और मुख्य तौर से सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस के सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सेवानिवृत्ति कर्नल राम रतन नेगी में सैन्य धाम के निर्माण पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी पर सवाल उठाते हुए कहा कि सैन्य धाम साल 2021 में शुरू हुआ था और 2 साल के भीतर पूरा किया जाना चाहिए था, जबकि अभी तक इसका लोकार्पण नहीं हो सका, तो आखिर इसमें किस स्तर पर लापरवाही बरती गई और आखिर समय सीमा बढ़ाई गई तो इसके पीछे शासन प्रशासन के कौन अधिकारी जिम्मेदार हैं और उन पर क्या एक्शन लिया गया? इसकी जानकारी सार्वजनिक करें। वहीं उन्होंने सैन्य धाम की लागत में हुई बढ़ोतरी पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा है कि शुरुआती लागत 48 करोड़ की थी, फिर बाद में 99 करोड़ से ज्यादा की कैसे लागत पहुंच गई। इससे संबंधित तमाम दस्तावेज सरकार को सार्वजनिक करने चाहिए। क्योंकि यह एक राष्ट्रीय स्मारक है और जनता के पैसों से बना हुआ है इसलिए जनता को उसकी जानकारी होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सैनिक कल्याण मंत्री के हालिया बयान को लेकर भी कहा कि जहां सैन्य धाम वीर सैनिकों के सम्मान का एक प्रतीक है वहीं सैनिक कल्याण मंत्री इसे राजनीतिक लाभ से जोड़ रहे हैं जो की बेहद ही निंदनीय है और इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
