हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण मामले और कांग्रेस शीर्ष नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के बाद उत्तराखंड कांग्रेस अब एक बड़ा मुख्यमंत्री आवास कूच करने जा रही है। सोमवार को होने जा रहे मुख्यमंत्री आवास कूच को लेकर प्रदेशभर से कल परेड मैदान देहरादून में कांग्रेसी नेता, कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटेंगे। जिसको लेकर तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए आज कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा भी परेड ग्राउंड पहुंची। जहां उन्होंने तैयारी का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भाजपा की केंद्र सरकार व प्रदेश की धामी सरकार पर जमकर हमला बोला और शुद्धिकरण मामले को लेकर साथ ही राहुल गांधी पर की गई FIR को लेकर उन्होंने जमकर सरकार को घेरा।
भाजपा बौखलाई हुई है, सत्ता परिवर्तन होगा : शैलजा
कुमारी शैलजा ने हल्द्वानी शुद्धिकरण और राहुल गांधी पर दर्ज FIR को भाजपा की बौखलाहट बताया और कहा कि भाजपा पर प्रत्यक्ष तौर पर लड़ने की हिम्मत नहीं है इसलिए कभी शुद्धिकरण करवा कर तो कभी राहुल गांधी पर एफआईआर दर्ज करवा रही है। कुमारी शैलजा ने उत्तराखंड में सत्ता परिवर्तन की प्रबल आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार में लिप्त है और लॉ एंड ऑर्डर भी ध्वस्त है और जनता परिवर्तन चाहती है। साथ ही उन्होंने भाजपा पर उत्तराखंड में माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखंड में जो भाईचारा है सौहार्द है उसे भाजपा अपने कृत्यों से खत्म कर रही है और इसका जवाब हम कल मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान देंगे।
