उत्तराखंड कांग्रेस का आज चीफ इलेक्शन कमिश्नर के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ आज मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय कूच के लिए सचिवालय की ओर निकल पड़े। हालांकि इस दौरान भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग ने उनका रास्ता रोक दिया, इसके बाद कांग्रेसी वहीं पर धरने पर बैठ गए और लगातार चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफा और उन्हें जेल में भेजने की मांग करते हुए नजर आए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस आक्रोश को जनता का आक्रोश बताते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार ने करीब 13 करोड़ मतदाताओं से उनका मत अधिकार छीना है। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी के पूर्व में जताए गए अंदेशे से पर भी कहा कि राहुल गांधी के पूर्व की बात आज सच साबित हो रही है। उन्होंने इलेक्शन कमिश्नर पर भाजपा की सरकारों को बनाने का आरोप भी लगाया और कहा कि ज्ञानेश कुमार को अपने कृत्यों को भुगतना पड़ेगा और कानून का सामना करना पड़ेगा। वहीं पूर्व जिलाधिकारी व राज्य मंत्री रहे सुंदरलाल मुयाल ने भी निर्वाचन आयोग के नियमों के उल्लंघन की बात कही और अपने 34 वर्षों के प्रशासनिक अनुभव के आधार पर कहा कि रिटर्निंग ऑफिसर डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन ऑफिसर के तौर पर उन्होंने भी 2005 तक सेवाएं दी हैं, जिसमें जिन नियमों के तहत मतदाता सूची बनाई जाती है, नाम पंजीकरण कराया जाता है और वर्तमान में जिस तरह भारत में निर्वाचन आयोग नियमों की अवहेलना कर रहा है उसको लेकर पूरे देश में आक्रोश बना हुआ है।
