उत्तराखंड क्रांति दल के युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष कुलदीप रावत और युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष अशीष नेगी इन दिनों पहाड़ों में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर मंत्रियों का आवास घेराव कर रहे हैं। बीते दिनों उन्होंने वन मंत्री सुबोध उनियाल के आवास का घेराव किया था, जबकि आज झमाझम बारिश के बावजूद अपने पूर्व में किए गए आह्वान के चलते लोक निर्माण विभाग मंत्री सतपाल महाराज के आवास का घेराव किया। झमाझम बारिश और ठंड के बीच भी यूकेडी के सैकड़ो कार्यकर्ताओं, लोगों का जोश ठंडा नहीं पड़ा। बल्कि वे लगातार अपनी मांगों को नारों के माध्यम से बुलंद करते हुए नजर आए। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री को यह भी चेता दिया कि यदि उनकी मांगों पर अमल नहीं हुआ तो यह आंदोलन और बड़ा होगा। यूकेडी के इन दोनों युवा नेताओं ने उत्तराखंड में सड़कों की खस्ता हालत पर मंत्री सतपाल महाराज को जल्द ठीक करवाने की मांग तो की ही, साथ में पर्वतीय क्षेत्रों में ऐसे कई गांवों का भी जिक्र किया जहां आजतक सड़क नहीं पहुंच पाई। उन्होंने सड़क न होने से ग्रामीणों, खासकर गर्भवती महिलाओं को समय पर इलाज न मिल पाने की तकलीफ बयां करने के साथ ही मंत्री को चेतावनी भी दी कि यदि प्रदेशभर में सड़कों की स्थिति को सुधारा नहीं गया, खासकर जिन गांवों में सड़कों का अभाव है वहां सड़कों का कार्य जल्द शुरू नही किया गया तो एक बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
