सरकार और विभाग से अपनी मांगों के समर्थन में उत्तराखंड में आज कलाकार सड़कों पर उतरे। जहां उन्होंने देहरादून के गांधी पार्क से मुख्यमंत्री आवास तक कूच किया। हालांकि हाथी बड़कला क्षेत्र में बैरिकेटिंग और पुलिस बल के चलते वे वहीं धरने पर बैठे और अपनी पीड़ा का बखान किया। कलाकारों ने संस्कृति निदेशालय पर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा को गंभीरता से लागू नहीं किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने अपनी मांगों को लेकर कहा कि कलाकारों को पूर्व की भांति संस्कृति विभाग द्वारा कार्यक्रम आवंटित किए जाएं, बिल भुगतान, मानदेय में वृद्धि, कलाकारों की पेंशन, कलाकार कल्याण कोष से सहायता, जिलाधिकारी द्वारा कार्यक्रम आवंटन में रोस्टर प्रणाली की बाध्यता को समाप्त करना, यात्रा भत्ता में कटौती न करना इन मांगों पर अमल किया जाए, जिससे कलाकार अपनी जीविका को सम्मान पूर्वक जी सके और सरकार व उनकी योजनाओं को आम जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बना रहे।
