अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आज देहरादून के IRDT सभागार में बालिका शिक्षा प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि जबकि विशिष्ट अतिथि खेल मंत्री रेखा आर्य मौजूद रहीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आई मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित किया व उनका मार्गदर्शन भी किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के संबंध में मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर प्रदेश के सभी 13 जिलों की मेधावी 149 छात्राओं को स्मार्टफोन देने के पीछे का एक ही उद्देश्य है कि आज की AI और डिजिटल शिक्षा के माहौल में उत्तराखंड की बालिकाएं पीछे न रहें, इसलिए जिला स्तर पर मेधावी छात्राओं को स्मार्टफोन वितरित किए गए हैं। वहीं उन्होंने कहा कि आगे भी डीबीटी के माध्यम से धनराशि आबंटित की जाएगी, जिससे छात्राएं अपनी शिक्षा को स्मार्टफोन के सहयोग से डिजिटल शिक्षा का भी लाभ उठा सकें। वहीं बतौर विशिष्ट अतिथि पहुंचीं मंत्री रेखा आर्य ने भी मुख्यमंत्री धामी की इस पहल की सराहना की और कहा कि उत्तराखंड की ऐसी बालिकाएं जो आर्थिक रूप से सक्षम नहीं हैं उन्हें आज स्मार्टफोन वितरित किया गया है। उन्होंने कहा कि क्योंकि आज के समय में शिक्षा व जानकारी को प्राप्त करने का सबसे सक्षम माध्यम ही स्मार्टफोन बन चुका है जिससे छात्रों को भी अपनी शिक्षा के दौरान बहुत मदद मिलती है इसलिए उनकी शिक्षा को और बेहतर व डिजिटलीकृत करने के उद्देश्य से ही स्मार्टफोन वितरित किए गए हैं। वहीं मंत्री रेखा आर्य ने आज नवरात्रि के पहले दिन प्रदेश के सभी बालक बालिकाओं को मां का आशीर्वाद मिलने का भी भाव प्रकट किया।
