सोशल मीडिया पर एक मैसेज तेजी से वायरल रहा है, जिसमें दावा किया गया कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंकों को सितंबर 2025 तक एटीएम से 500 रुपये के नोटों का वितरण बंद करने का निर्देश दिया है। इसे लेकर इंटरनेट पर हड़कंप मच गया। लोग सवाल करने लगे कि क्या सच में ऐसा होने वाला है? फैक्ट चेक में सामने आया कि यह दावा पूरी तरह से गलत है। आरबीआई ने ऐसा कोई नोटिस या निर्देश जारी नहीं किया है। यह मैसेज भ्रामक है और लोगों में भ्रम फैलाने के लिए भेजा जा रहा है।
आम जनता को सलाह दी जाती है कि वे ऐसी अफवाहों पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर भरोसा करें। 500 रुपये के नोट लीगल टेंडर के रूप में पूरी तरह से मान्य हैं और इनका उपयोग लेनदेन में किया जा सकता है। आरबीआई ने साफ कर दिया कि इन नोटों की वैधता पर कोई बदलाव नहीं किया गया है। बैंकों और एटीएम में 500 रुपये के नोटों का वितरण सामान्य रूप से जारी रहेगा। लोगों को ऐसी भ्रामक खबरों से सावधान रहना चाहिए, जो अनावश्यक रूप से घबराहट पैदा कर सकती हैं।
किसी भी वित्तीय जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना आवश्यक है। ऐसी अफवाहों से बचने के लिए हमेशा आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट (www.rbi.org.in) या इसके आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स से जानकारी हासिल करें। अगर कोई संदिग्ध खबर या मैसेज प्राप्त होता है, तो उसे तुरंत साझा करने से बचें। इसके बजाय, प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) जैसे विश्वसनीय फैक्ट चेक स्रोतों से जानकारी की पुष्टि करें। भ्रामक जानकारी समाज में अव्यवस्था और भय पैदा कर सकती है। इसलिए जिम्मेदार नागरिक के रूप में सजग रहने की जरूरत है।
