एक्सिओम-4 मिशन में शामिल भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला धरती पर वापस लौटने वाले हैं। इससे पहले उन्होंने अंतरिक्ष में बिताए गए समय को लेकर अपना अनुभव साझा किया है। शुभांशु शुक्ला ने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से बताया कि शुरुआती एक-दो दिन तो काफी ज्यादा मुश्किल हुई। लेकिन इसके बाद चीजें आसान हो गईं। इसके अलावा शुभांशु ने गगनयान को लेकर होने वाली गतिविधियों पर भी चर्चा की। शुभांशु के साथ मिशन में शामिल अन्य अंतरिक्ष यात्रियों ने भी अपने अनुभवों को साझा किया। बता दें कि शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री 18 दिन से इंटरनेशन स्पेस स्टेशन पर हैं। यह सभी मंगलवार को 22.5 घंटे की यात्रा करके धरती पर वापस लौटेंगे। यह लोग कैलिफोर्निया के सैन डिएगो में उतरेंगे।
इससे पहले एक्सिओम-4 मिशन का संचालन करने वाली कंपनी स्पेसएक्स ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहाकि ड्रैगन अंतरिक्ष यान और एक्सिओम स्पेस एएक्स-4 के सभी सदस्य मंगलवार को भारतीय समयानुसार अपराह्न तीन बजकर एक मिनट पर पृथ्वी के वाायुमंडल में फिर से प्रवेश करेंगे और सैन डिएगो तट पर पानी में उतरेंगे। इसमें कहा गया है कि अंतरिक्ष यान प्रशांत महासागर में उतरने से पहले एक संक्षिप्त ध्वनि विस्फोट के साथ अपने आगमन की घोषणा भी करेगा। अंतरिक्ष यान के पृथ्वी के वायुमंडल में फिर से प्रवेश करते ही भारतीय समयानुसार आज अपराह्न दो बजकर सात मिनट पर प्रशांत महासागर के ऊपर ‘डी-ऑर्बिट बर्न’ होने की उम्मीद है।
