देहरादून में घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने जानकारी दी है कि जिले में घरेलू गैस कनेक्शनों की कुल संख्या 7 लाख 73 हजार से अधिक है। इसमें से करीब 6 लाख उपभोक्ताओं ने अपनी ई-केवाईसी पूरी करवा ली है, लेकिन अभी भी लगभग पौने दो लाख उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने ई-केवाईसी नहीं कराई है। जिला पूर्ति अधिकारी ने यह भी बताया है कि यदि उपभोक्ता 15 अगस्त तक अपनी ई-केवाईसी नहीं करवाते हैं, तो उनकी गैस सप्लाई बाधित हो सकती है। 15 अगस्त के बाद केवाईसी न होने पर गैस केवल व्यावसायिक दरों पर ही मिलेगी, जिससे उपभोक्ताओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। इस समस्या से बचने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी संबंधित एजेंसी पर जाकर, गैस हॉकर को घर बुलाकर या तेल कंपनियों के आधिकारिक मोबाइल ऐप के जरिए समय रहते ई-केवाईसी पूरी कर लें।
