दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में यूजी इंटर्न के साथ ही पीजी डॉक्टर भी आज तीसरे दिन धरने पर बैठे रहे। हालांकि दोपहर आते ही चिकित्सा शिक्षा निदेशक इंटर्न के बीच धरने पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने धरने पर बैठे इंटर्न को समझाने का पूरा प्रयास किया और आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को लेकर शासन स्तर पर जो तय प्रक्रिया है उसका पालन किया जा रहा है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हमने इंटर्न को पूरी तौर से सकारात्मक आश्वासन दिया है और कहा है कि अन्य राज्यों में स्टाइपेंड है उसका भी आंकलन किया जाएगा और संभव है कि उससे भी ज्यादा स्टाइपेंड उत्तराखंड में दिया जाए। वहीं इंटर्न UG व पीजी इस बात पर पूरी तौर से आश्वस्त नहीं हुए। उनका कहना रहा कि हमें अब तक लिखित में कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है इसीलिए हमारा धरना फिलहाल जारी रहेगा। वहीं यूजी इंटर्न ने कहा कि कल यानी 10 सितंबर को दून अस्पताल से घंटाघर तक अपनी मांगों को लेकर एक रैली भी निकालने जा रहे हैं।
