उत्तराखंड में महंगाई को लेकर एक बार कांग्रेस फिर से सड़कों पर नजर आई। देहरादून कांग्रेस महिला महानगर की अध्यक्षा उर्मिला थापा के नेतृत्व में कई महिलाएं कांग्रेस मुख्यालय से एस्ले हॉल चौक की तरफ सरकार के खिलाफ और महंगाई के विरोध में नारेबाजी करते हुए निकलीं। इस दौरान उन्होंने बढ़ती महंगाई और चीनी के बढ़ते दामों को लेकर सरकार का जमकर विरोध किया, साथ ही सरकार का पुतला भी दहन किया। देहरादून महानगर महिला कांग्रेस की अध्यक्षा उर्मिला थापा ने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस के समय में वस्तुओं के दाम में कुछ रुपए की वृद्धि होने पर भी भाजपा की महिला नेत्रियां सड़क पर उतर जाया करती थीं। लेकिन आज खाद्य वस्तुओं खासकर की चीनी की कीमतों में सीधे ₹50 रूपये की वृद्धि हो गई है, लेकिन कोई भाजपा की नेत्रियां सड़कों पर इसके विरोध में नहीं उतर रही हैं। उन्होंने सरकार के अच्छे दिन आएंगे के नारों पर भी सवाल उठाया और कहा कि आज जब खाद्य पदार्थ के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं और सरकार ने आम आदमी की आय बढ़ाने के लिए कोई प्रबंध नहीं किए हैं तो ऐसे में क्या इसे अच्छे दिन कहा जाएगा।
