उत्तराखंड के लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के कुछ गांवों में लोगों को मूलभूत सुविधाएं न मिलने को लेकर यूकेडी के नेता अब संबंधित भाजपा विधायक के विरोध से आगे बढ़कर मंत्री के आवास का घेराव करने जा रहे हैं। इसको लेकर यूकेडी के युवा प्रकोष्ठ के कार्यकारी अध्यक्ष कुलदीप रावत ने बताया कि लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र कई जगह से कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटा हुआ है और ऐसे में उन सटे हुए गांवों को लंबे समय तक बिजली, सड़क जैसी सुविधाओं से उन्हें वंचित रखा गया। जबकि धनपतियों को बसाया जा रहा है। उन्होंने झडंगू गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि साल 2018 में वहां पर बिजली पहुंचाई गई। साथ ही कर्णप्रयाग के सकण्ड गांव में सड़क ना पहुंचाने को प्रशासन के आड़े आते हुए नियमों की बात कही। उन्होंने कहा कि कल वन मंत्री के आवास का घेराव किया जाएगा। जबकि इसके बाद लोक निर्माण विभाग से संबंधित ग्रामीणों की समस्याओं पर PWD मंत्री सतपाल महाराज के आवास का घेराव भी किया जाएगा।
