: पूरे देश के साथ उत्तराखंड में भी 80 वाँ स्वतंत्रता दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम देहरादून के परेड मैदान में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शिरकत करी और ध्वजारोहण किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दौरान 15 पुलिस कार्मिकों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक, जिसमें से दो पुलिस कार्मिकों को मरणोपरांत उनके विशिष्ट कार्यों के लिए सराहनीय सेवा पदक उनके परिजनों को देकर सम्मानित किया। साथ ही उत्तराखंड में ऐसे युवा जिन्होंने राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में राज्य व देश का नाम ऊंचा किया, उनको भी सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने ध्वजारोहण के बाद अपना संबोधन देते हुए प्रदेश और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कुछ घोषणाएं भी करीं। मुख्यमंत्री ने पर्वती क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए तीन जिलों पौड़ी, चमोली व अल्मोड़ा में औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाने, राज्य के नीति निर्माण में युवाओं की सहभागिता को लेकर युवा आयोग की स्थापना करने, प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्य के अंश को 50 हजार से बढ़ाकर 70 हजार करने व केंद्र सरकार की तर्ज पर बाल वीरता पुरस्कार राज्य में भी शुरू करने की घोषणा समेत और भी कई घोषणाएं करीं।
