उत्तराखंड में लगातार भारी बारिश के बीच लैंड स्लाइड के खतरे बढ़ रहे हैं। ऐसे में ताजा तस्वीर उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग क्षेत्र से आई है, जहां रामपुर क्षेत्र के पास सड़क का एक हिस्सा कुछ फीट नीचे धंस गया है। जिससे आवाजाही करने वाले वाहनों के लिए खतरा और बढ़ गया है। सड़क धंसाव को लेकर रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी विशाल मिश्रा का भी बयान सामने आया है। उन्होंने बताया है कि सड़क रामपुर के पास के क्षेत्र की है और यह न सिर्फ भूस्खलन वाला क्षेत्र बल्कि वह भू धंसाव वाला संवेदनशील क्षेत्र भी है, क्योंकि पूर्व के वर्षों में भी इस तरह की स्थिति देखने को मिली है। ऐसे में इसकी विस्तृत डीपीआर संबंधित विभाग को तैयार करने के लिए निर्देशित कर दिया गया है। हालांकि फौरी तौर पर वाहनों की आवाजाही इस मार्ग से हो सके इसके लिए भी विभाग को उचित सड़क के मरम्मत कार्य के लिए निर्देशित कर दिया गया है। जिसको कुछ समय में पूरा कर लिया जाएगा और वाहनों की आवाजाही फिर निर्बाध रूप से हो सकेगी।
