Oplus_0
उत्तराखंड,कोटद्वार: मानसून की बारिश उत्तराखंड में आफत बनकर बरस रही है। बीती देर रात से ही प्रदेश के अधिकांश जिलों में मूसलाधार बारिश देखी जा रही है। जिसके कारण पहाड़ दरकने लगे हैं। बात करें पौड़ी जिले की तो कोटद्वार से दुगड़डा के बीच कई जगह डेंजर जोन बने हुए हैं, जहां से मालवा आने का खतरा बना हुआ है। लगातार बारिश के चलते आज सिद्धबली मंदिर के पास एनएच 534पर पहाड़ी से बड़े पत्थर सड़क मार्ग पर आ गिरे। जिसकी चपेट में सवारियों से भरी बोलेरो आ गई। बता दें कि किल्बोखाल से सवारियों को लेकर बोलेरो कोटद्वार आ रही थी, इसी दौरान कोटद्वार से दो किलोमीटर पहले सिद्धबली मंदिर के पास पहाड़ी से बोल्डर गाड़ी के ऊपर आ गिरा। हादसा इतना दर्दनाक था कि इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 अन्य सवार लोग घायल हो गए। एसडीआरएफ ने मौके पर पहुंच कर घायलो को बेस चिकित्सालय पहुंचाया और मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। मानसून की बारिश में अक्सर पहाड़ी क्षेत्रों में ऐसे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है, इस तरह के खतरों को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी रास्तों पर सफर करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील भी की है।
