उत्तराखंड STF ने सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथी गतिविधियों में लिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मो. सलाउद्दीन, निवासी गदरपुर, उधमसिंहनगर के रूप में हुई है। STF को गोपनीय सूचना मिली थी कि आरोपी इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और सिग्नल पर जिहादी विचारधारा वाले ग्रुप्स से जुड़ा है। मोबाइल जांच में जिहाद, शहादत और राष्ट्रविरोधी कंटेंट की चैट्स मिलीं। आरोपी युवाओं को भ्रमित कर कट्टरपंथ की ओर धकेल रहा था। देर रात चले सर्च अभियान में आरोपी की निशानदेही पर एक इंग्लिश पिस्टल, 5 कारतूस, 4 डेटोनेटर और AK-47 के 2 कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने कुछ चैट डिलीट करने और यूपी के रामपुर निवासी एक व्यक्ति से संपर्क की बात कबूली। SSP STF अजय सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में पाकिस्तान-मलेशिया से संचालित हैंडलर का कनेक्शन सामने आया है। किसी घटना को अंजाम देने की तैयारी की आशंका है। चैट्स में हथियार-विस्फोटक के भंडारण की बातचीत भी मिली है।
