प्रधानमंत्री के देशवासियों को एक साल तक सोना ना खरीदने को अपील का असर अब सर्राफा व्यापारियों में पड़ने लगा है, जिसके चलते सर्राफा व्यापारी सड़क पर उतर चुके हैं। बीती देर शाम सर्राफा मंडल देहरादून ने धामावाला बाजार में मोमबत्ती जलाकर एक सांकेतिक विरोध भी किया। सांकेतिक विरोध के दौरान सर्राफा मंडल देहरादून के अध्यक्ष सुनील मैंसोन ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो देश की जनता से एक साल तक सोना ना खरीदने की अपील की है उसका बुरा प्रभाव सर्राफा व्यापारियों पर पड़ने लगा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के बयान के आधार पर अगर जनता साल भर तक सोना नहीं खरीदती है तो हमारी रोजी रोटी पर बुरा असर पड़ेगा, साथ ही जो कर्मचारी हमने रखे हुए हैं हम उनको तनख्वा कहां से देंगे, प्रधानमंत्री को अपने बयान को सार्वजनिक करने से पहले हितधारकों से बात करनी चाहिए थी, जिससे हम सरकार के साथ मिलकर कोई बीच का हल निकालते जिससे केंद्र सरकार का भी उद्देश्य पूरा होता और सर्राफा व्यापारियों पर भी इसका बुरा असर नहीं पड़ता।
